बांदा। बुंदेलखंड पैकेज के तहत बांदा जनपद में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के नए डेयरी प्लांट की स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। यह प्लांट बांदा के नरैनी सड़क में स्थापित किया जाएगा। इससे स्थानीय दूध उत्पादक किसानों को अपना दूध बेचने के लिए एक नया केंद्र मिलेगा।
इस डेयरी प्लांट का प्रस्ताव वर्ष 2018-19 में शासन को भेजा गया था। इस वर्ष इसे बुंदेलखंड पैकेज में शामिल किया गया है। पहले इसकी क्षमता कम थी जिसे अब बढ़ाकर 20 हजार लीटर प्रतिदिन किया गया है। बांदा में प्लांट के निर्माण से क्षेत्र में दूध के भंडारण और प्रसंस्करण की क्षमता में सीधे तौर पर वृद्धि होगी। जनपद में दूध के व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इसके लिए पहले से जमीन आदि का चिह्नांकन भी कराया जा चुका है। नरैनी सड़क में स्थित चिलिंग प्लांट को ही नए डेयरी प्लांट के रूप में विकसित किया जाना है। इसमें अब 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता का प्लांट विकसित किया जाएगा।
परियोजना का क्रियान्वयन और उद्देश्य
परियोजना के सिविल और मैकेनिकल कार्यों को पूरी जिम्मेदारी के आधार पर इंडियन डेयरी मशीनरी कंपनी लिमिटेड को सौंपा गया है। कंपनी को नियमानुसार सेवा शुल्क देने का भी निर्णय लिया गया है। इसका पूरा खर्च राज्य सरकार अपने संसाधनों से उठाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बुंदेलखंड में दूध के खराब होने की समस्या को कम करना है। प्रसंस्करण क्षमता बढ़ने से किसानों को उनके दूध का बाजार के अनुसार उचित मूल्य मिल सकेगा।
वर्जन
-
बुंदेलखंड पैकेज में शामिल इस प्रस्ताव की जानकारी उनके पास अभी नहीं आई है। यह मूलत: कार्यदायी संस्था की ओर से काम कराया जाना है। प्रस्ताव आने पर वह अधिक जानकारी दे सकेंगे।
सतीश कुमार
दुग्ध विकास निरीक्षक, बांदा।