बांदा। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर मीडिएट परीक्षा में टॉप-10 छात्र-छात्राओं को कलक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया। मेधावियों के अच्छे अंक लाने पर उनके माता-पिता को भी बधाई दी। कहा कि उन्होंने जो सफलता प्राप्त की है, वह जिंदगी भर माता-पिता को गरिमा को अवसर प्रदान करेंगी।
डीएम ने कहा कि आगे बढ़ने का लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प के साथ अध्ययन करें। सफलता अवश्य मिलेगी। कहा कि उच्च शिखर पर पहुंचने के बाद माता-पिता और गुरुजन का सम्मान अवश्य करें। जो गरीब बच्चे शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, उनकी मदद जरूर करें। शरीर के संतुलन को बनाए रखने के लिए अपने स्वास्थ्य को ठीक रखें। शिक्षा के साथ खेलकूद के लिए भी समय निकालें। आगे चलकर मेडिकल, इंजीनियरिंग, प्रोफेसर, शिक्षक, खेलकूद, संगीत व अपनी रुचि के अनुसार उच्च शिक्षा लेकर अपना व अभिभावकों सहित देश प्रदेश, जनपद का नाम रोशन करना।
हाईस्कूल में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंतरा गुप्ता, द्वितीय आंचल, तृतीय प्रद्युम्न कुमार, राज चक्रवर्ती, कमलेश कुमार, अनुष्का गुप्ता हैं। इंटर में जिले में प्रथम अनुराधा गुप्ता, द्वितीय कृष्ण विवेक, सौरभ सिंह व नंदनी गुप्ता, तृतीय स्थान रुचि सिंह सहित टॉप-10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। एडीएम उमाकांत, डीआईओएस विजय पाल आदि मौजूद रहे।