बांदा। घर के सामने छानी बनाने का विरोध करने पर सास-बहू को पड़ोसियों ने लाठी-डंडों और हंसिया से मारकर लहूलुहान कर दिया। परिजनों ने दोनों घायलाें को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कालिंजर थाना क्षेत्र के मटखना गांव निवासी मुन्नी देवी (28) रविवार को दोपहर घर में कामकाज कर रहीं थीं। तभी पड़ोसी चाचा ससुर प्रमोद राजपूत घर के सामने छानी बनाने लगे। मुन्नी ने उन्हें मना किया तो दोनों में विवाद हो गया। इस बीच प्रमोद उसके भाई रामनरेश, दिनेश, बच्चू व उनकी मां कुसुमा, प्रमोद की पत्नी हेमकली व दिनेश की पत्नी रोशनी ने मुन्नी पर लाठी-डंडों व हंसिया से हमला कर दिया।
इस बीच चीख-पुकार सुनकर मुन्नी को बचाने गई उसकी सास विद्या देवी (50) को भी मारा पीटा। मारपीट में दोनों गंभीर घायल हो गईं। मुन्नी के पति राम बहादुर ने बताया कि दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल काॅलेज में भर्ती किया है। पति ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया है।