अतर्रा (बांदा)। बदौसा रोड स्थित भागवत नगर में घर के दरवाजे बैठे मथुरा यादव (50) पुत्र मंगल सिंह पर पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मथुरा प्रसाद की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
हमले में पत्नी और पुत्र घायल हो गए। घटना की पृष्ठभूमि में लेन-देन को लेकर साइकिल छीनना बताया गया है। दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने कुछ देर शव रखकर हाईवे पर जाम भी लगाया।
गुरुवार की शाम घर के दरवाजे पर बैठे मथुरा यादव का प्रदीप पुत्र उमाकांत और सौरभ मिश्रा पुत्र प्रभाकर का साइकिल को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में लाठी-डंडे चल गए। मथुरा के सिर पर लाठी लगी। पत्नी रन्नो और पुत्र नीरज भी घायल हुए।
मथुरा के लहूलुहान होकर गिरते ही हमलावर भाग गए। मृतक के पुत्र अनिल यादव ने दोनों हमलावरों के खिलाफ हत्या और मारपीट की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लेन-देन का विवाद था।
इसी को लेकर मथुरा ने प्रदीप की साइकिल छीन ली थी। उधर, क्षेत्राधिकारी सत्यप्रकाश शर्मा और इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एहतियातन वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी ने भी घटना की वजह लेन-देन बताई।
उधर, शुक्रवार शाम मुख्यालय से पोस्टमार्टम के बाद शव यहां आने पर परिजनों ने घर के पास शव रखकर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। उनकी मांग दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और आर्थिक मदद देने की थी।
लगभग एक घंटे बाद क्षेत्राधिकारी और इंस्पेक्टर ने परिजनों को बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आर्थिक सहायता के लिए अपने स्तर से यथासंभव कोशिश करेंगे। इसी के बाद परिजनों ने जाम खत्म किया और शव लेकर घर को रवाना हो गए।