बांदा। चित्रकूट धाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को विकास परियोजनाओं में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता के साथ परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाना चाहिए।
आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अजीत कुमार ने विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर गहन चर्चा की। इस दौरान हमीरपुर के जल निगम ग्रामीण के एक अधिकारी की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। राजकीय निर्माण निगम द्वारा मंगरौत, हमीरपुर में वृहद संरक्षण केंद्र के निर्माण कार्य में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई और उन्हें गति देने के निर्देश दिए गए। राजापुर कमासिन मार्ग से भगतपुर तक सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। हमीरपुर से हमीरपुर बाईपास के अंतर्गत यमुना बेतवा सेतु तथा रोहन नाला सेतु का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने को कहा गया।
जनपद चित्रकूट से बांदा बबेरू-कमासिन राजपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। चित्रकूट के अंतर्गत मानिकपुर तालाब के अमृत सरोवर का विकास कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।