सांगों के प्रदर्शन और जवारा विसर्जन के साथ चैत्र नवरात्र का समापन हो गया। घरों में कलश स्थापित कर व्रत करने वाले भक्तों ने मंदिरों में देवी पूजा और व्रत पारण किया। अंतिम दिन रविवार को कन्या भोज भी खूब हुए।
उधर, खत्री पहाड़ में विंध्यवासिनी के दर्शनों को भक्तों की भीड़ रही। अष्टमी और नवमी की रात सांगों का प्रदर्शन हुआ। लोहे की भारी-भरकम सांग गाल पर में नाथकर भक्त देवी दरबार में थिरकते रहे। महेश्वरी देवी, काली देवी मंदिरों में मेला सा नजारा रहा। रविवार को तड़के देवी मंदिरों में जवारे विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
उमाह गीत गाते हुए गांवों से भी टोलियां मंदिर पहुंचती रहीं। सिंहवाहिनी, कालका देवी, चौसठजोगिनी, महामाई, मरहीमाता मंदिरों में भी भक्तों का तांता रहा। नौ दिन व्रत रखने वाले भक्तों ने रविवार को सुबह पारण किया। उधर, खत्री पहाड़ स्थित विंध्यवासिनी मंदिर में नवमी पर आस्थावानों का सैलाब उमड़ा।
भंडारा और कन्या भोज हुए। रासलीला, रामलीला और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। बबेरू प्रतिनिधि के अनुसार, मढ़ीदाई मंदिर में श्रद्धालुओं ने पान, बताशा, नारियल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की और जवारे विसर्जित किए। तमाम भक्तों ने कन्या भोज कराया। दुर्गोत्सव समिति स्वयंसेवक व पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे।
बाकल की जोगिनी माता मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। कमासिन में दांदौं रोड पर भंडारा व हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। समाजसेवी राधेश्याम अग्रहरि ने बताया कि वह हर साल रामनवमी को वैष्णो देवी की पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं के साथ हवन-यज्ञ करते हैं। हवन के बाद भंडारा में प्रसाद ग्रहण किया।
उधर, मां कुंडलनी शक्तिधाम मंदिर (खोही) में कन्या भोज व प्रसाद वितरण किया गया। संस्थापक संतोष कुमार, प्रबंधक मंजू देवी, राजू सेन, महराज सिंह, छोटेलाल निषाद आदि ने व्यवस्था संभाली। नरैनी में भी भक्तों ने जवारों की शोभा यात्रा निकाली। तालाबों में विसर्जन के बाद देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना की।
कई आस्थावान गालों में लोहे की सांग नाथकर कारुन देवी मंदिर पहुंचे और नृत्य किया।उधर रामनवमी पर विशाल शोभा यात्रा में भागीदारी और सहयोग करने वालों का रामनवमी महोत्सव समिति ने आभार जताया है।
संरक्षक पूर्व विधायक राजकुमार शिवहरे ने केंद्रीय कमेटी पदाधिकारियों, प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका, जल संस्थान, बिजली विभागों के सहयोग पर आभार व्यक्त किया। केंद्रीय अध्यक्ष महेंद्र धुरिया द्वारा अनुशासित जुलूस और बजरंग दल व विहिप की सुरक्षा व्यवस्था को भी सराहा है। महामंत्री राम प्रसाद सोनी ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है।