‘शिक्षा ही वो कुंजी है जिससे मानव विकास के सभी ताले खुल जाते हैं।’ यह बात नरैनी रोड पर स्थित हिरा इस्लामिया इंटर कालेज के 18वें वार्षिकोत्सव में रविवार को जिला विद्यालय निरीक्षक एनडी वर्मा ने कही।
उन्होंने कहा कि स्कूल स्थापित करना और शिक्षा देना बड़ा दान है। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी ने कहा कि हरेक को दुनिया की शिक्षा के साथ धर्म की तालीम भी लेनी चाहिए। धर्म समाज को जोड़ने का काम करता है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.मोहम्मद रफीक ने विद्यालय संस्थापक डॉ.अबरार अहमद को सराहा कि 18 वर्ष पूर्व 22 बच्चों से शुरू हुआ स्कूल आज करीब 1200 बच्चों को इंग्लिश मीडियम पर अच्छी और सस्ती तालीम दे रहा है। स्कूल संरक्षक उमाशंकर पांडेय ने बांदा की गंगा-जमुनी संस्कृति में हिरा मॉडल स्कूल के योगदान को सराहा।
प्रबंधक डॉ.असरार अहमद, प्रशासनिक अधिकारी मेजर शब्बीर हुसैन, स्कूल इंचार्ज अशफाक रब्बानी और प्रधानाचार्य अजहर अहमद सिद्दीकी ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि उनका यह तालीमी मिशन जारी रहेगा।
इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले 90 बच्चों तथा खेल आदि प्रतियोगिताओं के मेधावी 30 बच्चों को मेडल, ट्राफी, प्रमाण पत्र और गिफ्ट दिए गए। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम, नाटक, नात आदि पेश किए। इस मौके पर बच्चों ने आर्ट गैलरी में साइंस व अन्य मॉडल भी सजाए।
प्रो.बाबर खां, संत तुलसी स्कूल प्रबंधक संत कुमार गुप्ता, शहर काजी मौलाना अकील मियां, सपा पूर्व जिलाध्यक्ष इमरान अली राजू, शफीक अहमद, अब्दुल मुईद सिद्दीकी, सपा नेता हाजी शानिया खान, बीके सिंह बड़े भइया, मुईन राही, शाहिद वली खां आदि सहित बड़ी संख्या में बच्चे और अभिभावक उपस्थित रहे। शादाब जमाल और कुमारी जिया फात्मा ने संचालन किया। संस्थापक डॉ.अबरार ने आभार जताया।