नरैनी क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार शुक्रवार की शाम पुलिस लाइन में परेड व मीटिंग में शामिल होकर सरकारी जीप से नरैनी लौट रहे थे। कचहरी रेलवे क्रासिंग ओवरब्रिज में डिग्री चौराहा के ऊपर तेज रफ्तार इंडिगो कार ने जीप में टक्कर मार दी। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार (50) और चालक लाखन सिंह घायल हो गए।
कोतवाली पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हादसा करने वाली कार और उसके चालक को पकड़ लिया है। उधर, जरैली कोठी निवासी राकेश (28) शुक्रवार को दोपहर घर से पैदल चौराहे की तरफ जा रहा था कि बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नरैनी प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बा निवासी रिटायर्ड फौजी रमाकांत द्विवेदी (41) शुक्रवार को सुबह अपनी कार से पनगरा स्थित कोठी जा रहे थे। नहर मोड़ पर कार गहरी खंती में पलट गई। रमाकांत व उनका पुत्र सूरज (9) दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।