बांदा। लोक निर्माण विभाग बांदा-नरैनी-कालिंजर राज्य मार्ग को गड्ढा मुक्त करने में 75 लाख रुपये खर्च करेगा। शासन ने यह बजट जारी कर दिया है। हालांकि वित्तीय वर्ष समापन की ओर है। इससे अधिकारी जल्दबाजी में अनुबंध गठित कर गड्ढा मुक्ति का कार्य करा रहे हैं।
शासन ने जनपद की बांदा-बहराइच राज्य मार्ग व नरैनी-बांदा-कांलिजर मार्ग को गड्ढे मुक्त करने के लिए 10 दिन पूर्व बजट जारी कर दिया। नरैनी कालिंजर मार्ग में करीब 28 किलोमीटर सड़क की नए सिरे से पैचिंग होगी। इसमें लोक निर्माण विभाग खंड एक 74 लाख 91 हजार रुपये खर्च करेगा। अधिकारियों के मुताबिक शासन से इस मार्ग की मरम्मत के लिए एक करोड़ रुपये की डिमांड दो माह पहले भेजी गई थी, अब धनराशि मिली है। विशेष मरम्मत के लिए अनुबंध गठित किया जा रहा है। मार्च खत्म होने के पहले यह सड़क पूरी तरह गड्ढा मुक्त हो जाएगी। इसके अलावा बांदा-बहराइच राज्य मार्ग भी महाराणा चौक से लेकर मवई तक विशेष मरम्मत में शामिल किया गया है। इसमें 37.76 लाख रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कराएगा। इन दोनों मार्गों पर महीनों से जानलेवा गड्ढे हैं। खासकर बांदा से गिरवां तक और नरैनी के आसपास हाईवे पर करीब 150 गड्ढे हैं। वाहन चालकों को इन गड्ढों में अब हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। सड़क एक माह के अंदर गड्ढा मुक्त होगी।
-लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि सड़कों को गड्ढे मुक्त किया जा रहा है। जल्द ही दोनों मार्गों पर वाहन सरपट दौड़ेंगे।