बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेल में बंद चार आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर छह घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी।
नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर और विवेचक प्रताप सिंह सुबह 10 बजे जेल पहुंचे और चारों आरोपियों को रिमांड पर लेकर कोतवाली आए। यहां उनसे अलग-अलग पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात में शामिल होने से इन्कार किया। पूछताछ के दौरान चार में से दो आरोपियों ने कुछ ऐसे तथ्य बताए, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी। इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर केस डायरी न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।
नंदवारा निवासी भइयाराम के पुत्र मनोज और युवराज की 30 सितंबर को पुरानी रंजिश में हत्या कर शव पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिए गए थे। पुलिस ने मामले में भवानीदीन, अखिलेश, सुरेंद्र नेता और लम्बरी समेत एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में साजिश रचने और वारदात को शह देने के आरोप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पाल वर्मा और शेरा उर्फ ओमकार को भी गिरफ्तार किया गया था। उधर, पीड़ित भइयाराम के आवास के बाहर पुलिस का पहरा रहा।