बांदा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शनिवार (26 जून) को होगा। नामांकन स्थल जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष से 200 मीटर की परिधि में पांच बैरियर बनाए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी। नामांकन स्थल में प्रत्याशी व प्रस्तावकों के अलावा कोई प्रवेश नहीं पा सकेगा।
बैरियरों पर नामित कार्यपालक मजिस्ट्रेट व्यवस्था संभालेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष का नामांकन जिलाधिकारी न्यायालय में 26 जून को होगा। सुरक्षा की दृष्टि से नामांकन स्थल से 200 मीटर की परिधि में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास, हार्पर क्लब मोड़ पर, सूचना कार्यालय के समीप, न्यायालय कक्ष के पास बैरियर बनाए गए हैं।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) एमपी सिंह, उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार, डिप्टी कलक्टर सुरजीत सिंह, डिप्टी कलेक्टर अवधेश निगम, उपजिलाधिकारी सौरभ शुक्ला व्यवस्था संभालेंगे। हर बैरियर पर एक इंस्पेक्टर, दो दरोगा और छह कांस्टेबल तैनात रहेंगे।
इसके अलावा न्यायालय कक्ष के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। नामांकन स्थल पर उम्मीदवार और प्रस्तावक के अतिरिक्त कोई प्रवेश नहीं कर सकेगा। प्रत्याशी, प्रस्तावक और समर्थकों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। नारेबाजी आदि पर प्रतिबंध रहेगा। उधर, शुक्रवार की देर शाम तक चार प्रत्याशी और सात नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। बसपा से सुजाता राजपूत और अरुण कुमार ने एक-एक, सपा से रजनी यादव ने दो, भाजपा से सुनील सिंह ने तीन सेट में नामांकनपत्र खरीदे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नामांकन को देखते हुए कई मार्गों में रूट डायवर्जन किया है। महाराणा प्रताप चौराहा से कलक्ट्रेट की ओर आने वाले वाहनों को ओवरब्रिज के नीचे से जाना प्रतिबंधित रहेगा।
रोडवेज की तरफ से कचहरी की तरफ आने वाले वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। यहां आने वाले वाहन जीआईसी मैदान होते हुए पुलिस लाइन की ओर से जाएंगे। क्योटरा चौराहे से संकट मोचन मंदिर, आलोक लाट चौराहे की तरफ आने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।