बांदा। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन साहू सहित चार के विरुद्ध शहर कोतवाली में मारपीट, धमकी और एससी/एसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। नगर पालिका के वार्ड सदस्य ने ही रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के वार्ड-3 (परशुराम तालाब) से सभासद मायाराम पुत्र स्व. जगदेव ने रविवार को शाम कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 12 दिसंबर को सुबह 10 बजे नगर पालिका अध्यक्ष मोहन साहू उसके वार्ड चमरौडी में सफाई का निरीक्षण कर रहे थे। उसे सूचना मिली तो वह भी पहुंच गया। उसे देखते ही अध्यक्ष ने अपने साथ मौजूद नगर पालिका कर्मचारियों से कहा कि इसे किसने सूचना दी है? अभद्रता और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी दी।
अध्यक्ष के साथ मौजूद उसके रिश्तेदार रोहित साहू, राहुल साहू व राकेश साहू ने उससे धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मोहल्ले को लोगों ने बचा लिया, वरना उसे जान से मार सकते थे। सभासद ने कहा कि उसने अध्यक्ष के भ्रष्टाचार के खिलाफ लिखित शिकायत मुुख्यमंत्री से की थी। इसकी जांच के आदेश हो गए हैं। कहा कि अध्यक्ष मोहन साहू शिकायत वापस लेने के लगातार दबाव बनाते रहे। इसी नाराजगी के चलते यह घटना की है।
पुलिस ने अध्यक्ष मोहन साहू सहित रोहित साहू, राहुल साहू और राकेश साहू के विरुद्ध धारा 323, 504, 506 आईपीसी और एससीएसटी एक्ट की धारा 3(2)(व) के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। इसकी विवेचना क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है।
उधर, पालिका अध्यक्ष मोहन साहू का कहना है कि वे कर्मचारियों के साथ निरीक्षण कर रहे थे। सभासद मायाराम पालिका कर्मियों से गाली गलौज कर रहा था। वे उसे समझा-बुझाकर चले आए थे। यह भी कहा कि यह रिपोर्ट सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के कहने पर दर्ज की गई है। सभी आरोप गलत हैं।
मायाराम।- फोटो : BANDA