बांदा। शहर के अन्ना मवेशियों को पकड़कर गोशाला ले जा रहे नगर पालिका कर्मचारियों को दबंगों ने जमकर पीटा। कर्मचारियों को चोटें आईं हैं। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पालिका के सफाई निरीक्षक ने तहरीर भेजी है। देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसे लेकर पालिका कर्मियों में रोष है।
पालिका के सफाई निरीक्षक हेमंत द्वारा कोतवाली प्रभारी को दी गई तहरीर में कहा है कि बुधवार (7 अगस्त) को एसडीएम व ईओ के आदेश पर नगर पालिका के कर्मचारी शहर के अन्ना पशुओं को पकड़कर नगर पंचायत मटौंध ले जा रहे थे। तभी अलीगंज स्थित रामलीला मैदान से अन्ना पशुओं को ले जाते समय इसी मोहल्ले के कई लोगों ने पालिका कर्मचारी बनवारी पुत्र श्रीपाल, दिनेश पुत्र छोटेलाल, अमित पुत्र रामस्वरूप, सोनू पुत्र मइयादीन, अनिल पुत्र नीलकंठ और दिनेश पुत्र गजराज को लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया।
पालिका कर्मियों ने यह बताया कि एसडीएम व ईओ के आदेश पर अन्ना पशु गोशाला भेजे जा रहे हैं। लेकिन वे नहीं मानें और मारपीट करते रहे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह ने देर शाम बताया कि फिलहाल वह थाने में नहीं हैं, इसलिए तहरीर का पता नहीं है। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
उधर, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उल्टा सफाई निरीक्षक व नगर पालिका कर्मियों को ही दोषी ठहराया जाता रहा। इस बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया जा रहा है। अन्ना पशुओं के लिए शासन और प्रशासन के सख्त निर्देश हैं।