संवाद न्यूज एजेंसी तिंदवारी (बांदा)। सेमरी नाले के पास खड़े डंपर से बाइक सवार दो दोस्त टकरा गए। जिला अस्पताल में एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा दोस्त घायल हो गया।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के गांव जसईपुर निवासी रामदुलारी ने बताया कि उसका पुत्र लवलेश उर्फ बुलबुल यादव (20) अपने दोस्त तिंदवारी के गांधीनगर निवासी संजय उर्फ बबुआ यादव (22) के साथ निकला था। दोनों शुक्रवार को बांदा जिला अस्पताल में भर्ती परिजन को खाना देने गए थे। खाना देकर वह देर शाम लौट रहे थे, बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सेमरी नाला के पास खड़े डंपर में पीछे से दोनों बाइक सवार टकरा गए।
हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए तिंदवारी पीएचसी पहुंचाया। तिंदवारी पीएचसी से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने लवलेश को मृत घोषित कर दिया। लवलेश गुजरात के सूरत में रहकर मजदूरी करता था।
मंगलवार को उसे सूरत जाना था लेकिन यह हादसा हो गया। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का अविवाहित था। तिंदवारी थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि खड़े डंपर से टकराकर युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दूसरे घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।