बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र में मां की तहरीर पर धर्मपरिवर्तन करने वाले बेटे के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह उन्हें धमकाकर जायदाद अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था।
थाना क्षेत्र के जखनी गांव निवासी रामबाबू तिवारी ने दो दिन पहले एसपी और एसडीएम को शपथ पत्र देकर बताया था कि उसने मुस्लिम धर्म अपनाते हुए अपना नाम बदलकर नासिर हुसैन रख लिया है। वह इसका दावा करते हुए हलफनामा देने एसपी कार्लालय भी आया था। इस मामले में उसके पिता पवन तिवारी ने भी एसपी कार्यालय में पेश होकर अपने पुत्र को मानसिक रूप से बीमार बताते हुए गांव के ही चार लाेग छोटा मास्टर, रज्जू, अफजल व महबूब पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस ने छोटा मास्टर व महबूब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब इस मामले में रामबाबू तिवारी के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी संदीप तिवारी ने बताया कि रामबाबू तिवारी की मां ने थाने में तहरीर दी कि उसके पुत्र रामबाबू तिवारी ने उसके घर आकर उसे व पिता पवन तिवारी को धमकी दी है। जमीन जायदाद उसके नाम न की गई तो वह उन्हें मार देगा। थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपी उसके बेटे रामबाबू तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेज दिया गया है।