ठंड के तेवर से रविवार को भी जनजीवन कंपकंपाता रहा। दोपहर बाद हल्की धूप भी बर्फीली सर्दी से निजात नहीं दिला सकी। चौथे दिन अधिकतम तापमान दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री और गिर गया।
दोपहर बाद धूप निकली, लेकिन बर्फीली हवाओं के चलते बेअसर रही। शाम को फिर से गलन ने जकड़ लिया। सुबह से कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राएं ठंड से ठिठुरते रहे। मौसम के यूटर्न से जिला चौथे दिन भी जबरदस्त ठंड की आगोश में रहा। रविवार को भी सुबह घने कोहरे की परत छाई रही। सर्दीली हवाओं से कंपकपी बनी रही।
दोपहर करीब 1ः30 बजे सूरज निकला और कुछ देर बाद हल्की धूप से मौसम खुशगवार हो गया। छतों व मैदान पर लोगों ने धूप लुत्फ उठाया। उधर, रविवार को अवकाश होने से छात्र-छात्राओं को स्कूल तो नहीं जाना पड़ा, लेकिन सुबह से कोचिंग जाने वालों का बुरा हाल रहा।
केंद्रीय जल आयोग में मौसम पर्यवेक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री घटकर 12 और न्यूनतम एक डिग्री घटकर 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। पूर्वानुमान विभाग के मुताबिक अगले एक-दो दिनों में गलन व कोहरा बरकरार रहने की संभावना है।
15 तक बंद रहेंगे विद्यालय
शीत लहर और ठंड के मद्देनजर कक्षा-1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 15 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.सत्य नारायण ने प्रधानाध्यापकों को ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।