जसपुरा। चार ट्रांसफार्मर फुंक जाने से बारिश के मौसम में क्षेत्र के 24 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे 15 हजार से अधिक लोग परेशान हैं।
एक सप्ताह से नांदादेव, भाथा, शंकरपुरवा और कृषि मंडी क्षेत्र के ट्रांसफार्मर फुंक गया। बिजली विभाग को सूचित किए जाने के बावजूद अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्राम पंचायत नांदादेव में टावर के पास 100 केवी का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से फुंका है। भाथा गांव में गया प्रसाद की चक्की के पास 63 केवी का और शंकरपुरवा में गजोधर के डेरा के पास 63 केवी का ट्रांसफार्मर भी फुंक गया है। ग्राम प्रधान रोहित निषाद ने बताया कि बिजली विभाग को जानकारी दी जा चुकी है लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे।
इसी तरह जसपुरा कस्बे की कृषि मंडी के पास 25 केवी का ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले फुंक गया था। मोहल्लेवासियों डॉ. आनंद प्रजापति, मधुरेश सिंह, केके गुप्ता, राजेन्द्र गुप्ता, बउवा गुप्ता, हर्षित पांडे समेत बिजली उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग की है।