बांदा। केन नदी में मौरंग खनन के दौरान नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए प्रशासन ने निगरानी का तरीका बदल दिया है। सभी 12 संचालित मौरंग खदानों का ड्रोन सर्वे कराया जा रहा है। यह कार्य शनिवार से शुरू हुआ है।
इसमें देखा जाएगा कि खनन निर्धारित क्षेत्र में हो रहा है या पट्टे की सीमा से बाहर जाकर भी मौरंग निकाली जा रही है। नदी की धारा में खनन और प्रतिबंधित मशीनों के इस्तेमाल की स्थिति भी सामने आ जाएगी। दो दिन में रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
केन नदी में खनन के दौरान लगातार नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिलती रही हैं। कहीं नदी की धारा में खनन किया जाता है तो कहीं प्रतिबंधित मशीनों के जरिये पट्टे के निर्धारित क्षेत्र से बाहर तक मौरंग निकाली जाती है। ओवरलोड और बिना रवन्ना के मौरंग लदे ट्रकों के संचालन की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
जिले में साड़ी खंड संख्या एक और सात, मरौली खंड संख्या छह, सिंधनकलां, बेंदा, दुरेड़ी, सादीमदनपुर, खप्टिहाकलां खंड संख्या तीन, मर्का खंड संख्या तीन और चरका खंड संख्या चार, नौ व 10 सहित कुल 12 खदानें संचालित हैं।
इनकी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए, लेकिन कैमरों की दिशा बदलकर अवैध खनन किए जाने की शिकायतें प्रशासन तक पहुंच रही थीं। साड़ी खदान में बीते माह एसडीएम ने बिना रवन्ना निकल रहे ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर सीज किया था। डीएम अमित आसेरी ने सभी 12 खदानों का ड्रोन सर्वे कराने के आदेश दिए।