करंट से बच्चों की मौत पर शोकग्रस्त परिजन व अन्य।
- फोटो : BANDA
बिसंडा/अतर्रा। खेत में लगी कंटीली तार में करंट आ जाने से पिता को खाना देने गए मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। गाय का एक बछड़ा भी मर गया। पिता बटाई का खेत लिए हुए है। पुलिस ने आनन-फानन शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के तकिया पुरवा में गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे कल्लू वर्मा को खेत में खाना देने उसके दो बच्चे पुत्री अर्चना (10) व पुत्र अनुज (9) खेत आए थे। खेत में बनी झोपड़ी के नजदीक मौजूद पिता को खाना पहुंचाने के लिए वहां लगी कंटीली तार की बांड़ लांघ रहे थे। इसमें करंट था। दोनों ही करंट से चिपक गए।
चंद कदम दूरी पर मौजूद कल्लू ने भागकर उन्हें अलग किया और बिसंडा पीएचसी लाए। यहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों ही बच्चे गांव के प्राथमिक स्कूल में पढ़ते थे। बेटी कक्षा दो की छात्र थी। बेटा एक में पढ़ता था। कंटीले तार में करंट आने की वजह खंभे के पास लाइन से डाली गई कटिया का तार गुजरना बताई जा रही है।
बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी (बबेरू) अतुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। अवैध रूप से जोड़ी गई बिजली लाइन पर खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश अवर अभियंता को दिए। अवर अभियंता अनुदेश कटियार ने बिसंडा कस्बे के रोशन सिंह पुत्र महादेव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार को सरकारी मदद के दिए फार्म भरकर जिला अधिकारी को भेजा है।