निर्माण मजदूर यूनियन के सम्मेलन में उपस्थित मजदूर नेता।
- फोटो : BANDA
बांदा। निर्माण मजदूर यूनियन ने शनिवार को अपना चौथा जिला सम्मेलन चिल्ला रोड स्थित कताई मिल परिसर में आयोजित किया। चुनाव भी हुआ। 15 सदस्यीय कार्यकारिणी में अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा और मंत्री रामप्रवेश यादव चुने गए।
भाकपा (माले) के बुंदेलखंड प्रभारी रमेश सिंह सेंगर ने कहा कि मोदी-शाह की जोड़ी देश को तबाही की ओर ले जा रही है। एक तरफ मजदूरों के हक छीने जा रहे हैं और दूसरी तरफ देश के सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को देशी और विदेशी कार्पोरेट को बेचा जा रहा है। अपने विभाजन कारी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए सीएए, एनपीआर और एनआरसी जैसे काले कानून में जनता को फंसाया जा रहा है।
आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा प्रायोजित दंगे की शिकार दिल्ली की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। बड़ी संख्या में लोग वहां मारे गए हैं। 40 से अधिक शव मिल चुके हैं। लोगों का भारी नुकसान हुआ है। भाकपा नेता ने गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा देने की मांग की। कहा कि एनपीआर में आम लोग असहयोग आंदोलन करें।
सम्मेलन में एनआरसी व एनपीआर वापस लिया जाए। मजदूरी हड़पने वालों पर संज्ञेय अपराध का मुकदमा, दिल्ली दंगे के दोषियों को जेल और इसकी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित आयोग से जांच कराए जाने के प्रस्ताव पारित किए गए।
सम्मेलन में चंद्रशेखर वर्मा व राममिलन प्रजापति को उपाध्यक्ष, बल्लू गौतम व फूलचंद्र भाष्कर को संयुक्त मंत्री, बब्बू खां संगठन मंत्री, रामनरेश व अखिलेश गौतम प्रचार मंत्री और विजय सिंह कोषाध्यक्ष तथा अशोक कुमार वर्मा को कार्यालय मंत्री चुना गया।