जीजीआईसी के पास बूथ में मतदाता पर्ची लेते टीचर
- फोटो : amarujala
झांसी-इलाहाबाद शिक्षक विधायक के चुनाव में जमकर वोट बरसे। शुक्रवार को शहर के दो बूथों और सभी 8 ब्लाकों के बूथों में कुल 91.44 फीसदी शिक्षक मतदाताओं ने वोट डाले। कुल 1556 में 1151 शिक्षकों ने वोट डालकर रिकार्ड कायम किया। फिलहाल आठ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया है। मतपेटियों को कलेक्ट्रेट के स्ट्रांग रूम रखाया गया है। देर रात यह झांसी भेजी जाएंगी।
शिक्षक एमएलसी चुनाव में सुबह से मतदाताओं में वोट डालने को लेकर होड़ रही। लेकिन 10 बजे के बाद वोटिंग गति ने और रफ्तार पकड़ी। 12 बजे तक करीब 20 फीसदी मतदान का ग्राफ पहुंच गया। दोपहर दो बजे के बाद महिला वोटर समेत 35 फीसदी शिक्षकों ने वोट डाले। तीन बजे तक मतदान का आंकड़ा 80 फसदी पहुंच गया। शाम चार बजे तक यह 91.44 फीसदी हो गया। जिले में कुल 1156 मतदाताओं में 882 पुरुष व 175 महिला वोटर रहीं।
1057 ने बूथों पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। झांसी-इलाहाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड से 8 प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। फिलहाल उनके भाग्य का फैसला मतपेटी में कैद है। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ। मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल और डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी, डीएम डॉ.सरोज कुमार और एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र ने बूथों का निरीक्षण किया।