बबेरू। समाजवादी पार्टी से विधायक विशंभर सिंह यादव ने कालिंजर किले के समीप रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण के लिए अपनी पांच बीघा जमीन दान कर दी। जमीन की कानूनी रजिस्ट्री व दान पत्र की प्रक्रिया विधायक के पुत्र वरुण यादव, बहू पूनम यादव, सौम्या यादव और पौत्र शौर्य प्रताप सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर विधायक विशंभर सिंह यादव ने कहा कि कालिंजर किला बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहर है और इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना समय की मांग है।
रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण से पर्यटकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। विधायक विशंभर सिंह यादव ने कहा कि हमारे जनपद में पहले चित्रकूट एक धार्मिक स्थल था, जो चित्रकूट जनपद बनने के बाद से अलग हो गया है। अब हम जिले के लोगों के पास कालिंजर ही एक धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल बना है। जमीन के अभाव में कालिंजर का विकास नहीं रूके, बस इसी मंशा से हमने जमीन दान की है।