बुंदेलखंड में कांग्रेस की नब्ज भांपने निकले पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद मधुसूदन मिस्त्री ने चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय में प्रांतीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को आड़े हाथों लिया। कहा कि एक-दूसरे की आलोचना के बजाए पार्टी के लिए काम करें। मिस्त्री ने सवाल किया कि सोनिया और राहुल गांधी की रैलियों मेें भीड़ तो खूब जुटती है पर चुनाव के समय गांवों में बस्ता लेने वाले (चुनाव एजेंट) नहीं मिलते।
गुरुवार को यहां मंडपम सभागार में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कोई भी चुनाव जनता के बीच संपर्क बनाए बिना नहीं जीता जा सकता। कार्यकर्ता हफ्ते में एक दिन गांव का भ्रमण करें। जब तक कार्यकर्ता के अंदर सरकार बनाने का जुनून पैदा नहीं होगा तब तक देश और प्रदेश में सरकार नहीं बनेगी।
वे बुंदेलखंड में बदलाव देखना चाहते हैं। सम्मेलन को राष्ट्रीय सचिव जुबैर खां, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय प्रकाश व गयादीन अनुरागी तथा विधायक दलजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री मनोज तिवारी, प्रांतीय संगठन मंत्री साकेत बिहारी मिश्र, राहुल राय, मधुसूदन तिवारी, एनएसयूआई बुंदेलखंड अध्यक्ष नावेद खां आदि ने भी संबोधित किया। जिला अध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने राष्ट्रीय महासचिव सहित सभी पदाधिकारियों की अगवानी की।
सम्मेलन में युवा कांग्रेस के राकेश सचान, प्रांतीय सचिव राजेश दीक्षित व पंकज मिश्रा, बुंदेलखंड महासचिव कुतैबा जमा खां, पूर्व सांसद रामनाथ दुबे, पूर्व विधायक रामेश्वर प्रसाद, शहर अध्यक्ष राजबहादुर गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष एमयू दुर्रानी, तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष और विधायक के मीडिया प्रभारी केशव पाल, सैय्यद अल्तमश, संकट प्रसाद त्रिपाठी, पंकज हरीओम, विनय गुप्ता, अनुसूचित जाति मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष रम्मू प्रसाद वर्मा आदि शामिल रहे।
संचालन पूर्व विधायक विजय प्रकाश और राममिलन सिंह पटेल ने किया। कुछ कार्यकर्ताओं के एतराज पर उन्हें भी बोलने का मौका दिया गया।
कांग्रेस लड़ेगी डीडीसी चुनाव
कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस डीडीसी की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों का चयन स्थानीय नेता करेंगे। नेताओं को निर्देश दिया कि जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशी ही खड़ा करें।