नरैनी। चार दिन पूर्व घर से भाग निकले प्रेमी युगल बदमाशों के हत्थे चढ़ गए। आधी रात को किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर जान बचाई। लड़के की तहरीर पर पांच के खिलाफ अपहरण और लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में शुक्रवार को पूरा दिन पुलिस परेशान रही।
कोतवाली प्रभारी दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि सीमावर्ती अजयगढ़ (पन्ना) जनपद के देव गांव से युवती को कालिंजर थाना क्षेत्र के छतैनी गांव का देवशरण पांडेय उर्फ रज्जू भगा ले गया था। तब से यह लापता थी। बताया कि शुक्रवार को तड़के करीब डेढ़ युवती नहरी गांव पहुंची और शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। गांव के लुक्कू नामक व्यक्ति ने यूपी-112 को सूचना दी।
उधर, कोतवाली प्रभारी भी फोर्स के साथ आ गए। पुलिस ने युवती को अपनी सुरक्षा में ले लिया। कोतवाली प्रभारी ने युवती के बयानों के आधार पर बताया कि देवशरण उसे 2 दिसंबर को भगा ले गया था। दोनों बदौसा में रहे। 3 दिसंबर को देवशरण उसे चार पहिया वाहन में करतल ले आया। दोनों खेत में बने एक मकान में रुके। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि करतल निवासी कल्लू सिंह पुत्र बेटा सिंह व सुरेश उर्फ बाई पुत्र इंद्रपाल द्विवेदी ने प्रेमी की बाइक और 12 हजार रुपये छीन लिए। हाथ-पैर बांधकर खेत के घर में बंधक बना दिया।
प्रेमी देवशरण से कहा कि घर से और पैसा मंगवाए। नहीं तो यहां से नहीं जाने देंगे। शुक्रवार को तड़के करीब डेढ़ बजे प्रेमी युगल कमरे की खिड़की तोड़कर चकमा देकर भाग निकले और नहरी गांव पहुंचे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवती को लेकर वह बदौसा व अन्य स्थानों पर दबिश देने गए।
आरोपी हाथ नहीं लगे हैं। पांच अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक देवशरण की तहरीर पर कल्लू सिंह व सुरेश सहित पांच लोगों के खिलाफ धारा 364ए व 392 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रेमी की बाइक बरामद कर ली गई है। अतर्रा क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित नरैनी और करतल पुलिस फोर्स भी दबिश में शामिल रहा।