तिंदवारी। क्षेत्र की जौहरपुर बालू खदान खंड संख्या-5 में अफसरों ने शिकायत पर छापा मारकर खदान की नाप कराई। किसान का आरोप है कि यहां रात को कई ट्रकों और ट्रैक्टरों में लोडिंग हो रही थी, अधिकारियों के जांच में आने से पहले लोडिंग बंद कर दी गई।
एसडीएम सदर सुधीर कुमार, खनिज अधिकारी दिनेश सिंह, तहसीलदार पुष्पक ने सोमवार को खदान की नाप कराई। खनिज अधिकारी ने खदान से बालू लोडिंग नहीं किए जाने पर सवाल किया तो खदान कर्मियों ने बताया कि यदा कदा ही ट्रक और ट्रैक्टर आते हैं। शिकायर्ता का आरोप है कि रविवार की रात से ही ट्रकों और ट्रैक्टरों की लोडिंग बंद कर दी गई। सोमवार को टीम यहां करीब एक घंटे तक रुकी रही।
एसडीएम सदर ने बताया कि जौहरपुर खदान की खंड संख्या-5 पर हो रहे खनन को लेकर जौहरपुर गांव निवासी गंभीर सिंह आदि ने लिखित शिकायत की थी कि खदान संचालक उसकी भूमिधरी जमीन पर पोकलैंड से बालू का अवैध खनन कर रहे हैं। जिस पर राजस्व कर्मियों के साथ नाप जोख की गई है। रिपोर्ट तैयार की गई।
75 घन फीट बालू सीज
अतर्रा। भदावल गांव के ग्रामीणों की सूचना पर बागै नदी के पास स्थित पंप कैनाल पर अवैध रूप से बालू के डंप की एसडीएम लाल सिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच कराई। लगभग 75 घन फीट बालू को सीज किया है। एसडीएम ने सीज बालू को ग्राम प्रधान भदावल के सुपुर्द कर दिया है। एसडीएम ने कहा कि बालू माफिया के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उधर, नरैनी रोड, गोखिया मोड़, बिसंडा रोड, बांदा रोड, बदौसा रोड, ओरन रोड पर बालू माफिया अवैध रूप से बिना कागजी कार्रवाई के बालू के डंप को सड़क किनारे एकत्रित कर लिया है।
-----------