नरैनी में कपड़ा व्यवसायी के घर और दुकान व गोदाम में लगी भीषण आग से लाखों की संपत्ति जल गई। दो दमकलों की मदद से छह घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। नजदीक खड़ी स्कूटी में चिंगारी गिरने से पेट्रोल में आग लग गई।
कुछ लोगों ने यह भी बताया कि स्कूटी की पेट्रोल टंकी फट गई। तिमंजिला इमारत की दीवारों में दरारें आ गईं हैं। पीड़ित व्यापारी की मदद के संबंध में शनिवार को व्यापारी बंधु बैठक करेंगे।
अतर्रा मार्ग पर राम साड़ी सेंटर के नाम से रामकिशोर गुप्ता उर्फ चुन्ना भइया कपड़े की थोक एवं फुटकर दुकान किए हुए हैं। इसी में उसका आवास भी हैं। शुक्रवार को तड़के करीब दो बजे धुएं से सांस उखड़ने पर सो रहे रामकिशोर और उनकी पत्नी लीला व पुत्र राजू की आंख खुल गई। यह सब पहली मंजिल में सो रहे थे।
नीचे से ऊपर धुआं आता देख चारों ने शोर मचाया और भागकर पीछे के दरवाजे से बाहर निकल आए। इसी बीच पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। दुकान से आग की लपटें उठ रही थीं। बेकाबू हो गई आग को पड़ोसी नहीं बुझा पाए। तत्काल कोतवाली मेें सूचना दी र्गई। तड़के चार बजे बांदा से दो दमकल गाड़ियां आईं।
उधर, नगर पंचायत से पानी का टैंकर लेकर सफाई कर्मी आए गए। एसडीएम सुधीर कुमार और कोतवाली प्रभारी केएन सिंह भी मौके पर आ गए। जेसीबी मंगवाकर शटर के बगल की दीवार तोड़ी गई। वहां से आग बुझाने का काम शुरू हुआ। दमकल कर्मी सुबह 10 बजे आग पर काबू पा सके। दुकान और गोदाम में रखी कपड़े की गांठें खाक हो गईं।
गुल्लक में रखे करीब 50 हजार रुपये जल गए। घर में रखी स्कूटी भी जलकर राख हो गई। दिन भर मलवा निकाला जाता रहा। क्षति का आंकलन फौरी तौर पर नहीं हो पाया। व्यापारी के परिजनों का कहना है कि शार्ट सर्किट से आग लगी।
नगर व्यापार मंडल तहसील अध्यक्ष शिव नारायण शिवहरे, नगर अध्यक्ष महेंद्र कुमार गुप्त, तहसील मंत्री कैलाश गुप्त ने बताया कि रविवार को व्यापारियों की बैठक होगी। इसमें पीड़ित की मदद करने की रणनीति बनाई जाएगी।