नरौली गांव में सीसी रोड के लोकार्पण शिलापट का अनावरण करते सांसद विशंभर प्रसाद निषाद
बांदा। सपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने कहा है कि बालू के ओवरलोड ट्रकों ने तिंदवारी समेत जनपद की तमाम सड़कों को ध्वस्त कर दिया है। चुनाव आते ही चोरी की बालू से कमाया पैसा जनता के बीच बांट रहे हैं। चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में कभी रुख नहीं करते।
सांसद बुधवार को तिंदवारी क्षेत्र के चंदवारा, नरौली, सोनामऊ, सिकहुला, जसपुरा, खप्टिहा कलां और साड़ी गांवों में अपनी निधि से कराए गए सीसी रोड और बारात घरों आदि का लोकार्पण कर रहे थे। इन सब की लागत लगभग एक करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि तिंदवारी उनकी जन्मभूमि के साथ कर्मभूमि भी है। यहां के विकास में किसी तरह की कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। हर गांव को सड़क और बिजली से जोड़ा गया है, जो गांव शेष हैं वहां भी काम जल्द पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद आम लोगों से दूरियां बनाने वाले लोगों को चुनाव में जनता खुद जवाब देगी। तिंदवारी क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी। पैलानी को तहसील बनाकर सपा सरकार ने विकास कार्य को बढ़ाया है। उनके साथ सपा जिला महासचिव राजेंद्र यादव, जसपुरा ब्लाक प्रमुख सादिका खातून, पतिराखन निषाद, रामकृपाल शिवहरे, अमर सिंह, रामआसरे, पंकज यादव भी मौजूद रहे।