अतर्रा/ओरन। मौसेरी बहनों की शादी में शामिल होने आए प्रवासी मजदूर युवक ने गांव के बाहर पेड़ में रस्सी से फांसी लगा ली। वह पंजाब में मजदूरी करता था और कुछ ही दिन पहले लौटा था। परिजन आत्महत्या की वजह आर्थिक तंगहाली से परेशान होना बता रहे हैं।
बिसंडा थाना क्षेत्र के तकुली (हस्तम) गांव निवासी रामकेश (20) पुत्र चुन्नू वर्मा सोमवार को मौसी की दो पुत्रियों की शादी में शामिल होने उरइहां पुरवा (अतर्रा ग्रामीण) आया था। देर रात तक शादी कार्यक्रमों के बीच वह कहीं लापता हो गया। मंगलवार को सुबह घर से कुछ दूरी पर बेरी के पेड़ में उसका शव रस्सी से फांसी पर टंगा मिला। खेतों की तरफ गई महिलाओं ने देखा तो घरवालों को सूचना दी। शादी के घर में मातम पसर गया। विदाई आदि की शेष रस्में सादगी से निपटाई गईं।
पिता ने बताया कि रामकेश अविवाहित और सात भाइयों में तीसरे नंबर का था। पंजाब में मजदूरी करता था। लॉकडाउन के चलते घर आया हुआ था। पिता का कहना है कि रामकेश आर्थिक तंगहाली से परेशान था। मौसेरी बहनों की शादी में नेग चढ़ाने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। न ही अच्छे कपड़े थे। इसी आत्मग्लानि और तनाव में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक भाई रामअवतार ने बताया कि परिवार पर लगभग डेढ़ लाख रुपये का प्राइवेट कर्ज भी है। इससे भी रामकेश तनाव में था। थाने के एसआई सुजीत कुमार सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।