ससुराल में युवती ने आग लगाकर जान दी
बांदा। ससुराल में युवती ने मिट्टी का तेल से आग लगाकर जान दे दी। मौसी के घर जाने से रोकने पर यह कदम उठा लिया। शादी सालभर पहले हुई थी। उधर, किशोरी और दो युवतियों समेत चार ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की वजह घरेलू कलह बताई गई है।
मटौंध थाना क्षेत्र के पटना गांव निवासी अंजू यादव (20) पत्नी बुद्धराज ने मंगलवार को सुबह घर में कमरा बंद कर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। परिजनों ने बमुश्किल आग बुझाई और गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पति ने बताया कि अंजू अपनी मौसी के घर पल्हरी (बांदा) जाना चाहती थी। साधन न होने पर उसने मना कर दिया था। इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।
उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव में अंजनी (17) ने सोमवार की रात घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इसी तरह कोतवाली नगर क्षेत्र के डिंगवाही गांव में अंजली (24) और तिंदवारा गांव में अर्चना (18) तथा पल्हरी (बिसंडा) गांव में शैलेंद्र (25) ने सोमवार की शाम जहर खा लिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।