बांदा। घर में अकेली प्रवासी मजदूर की बेटी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके। उधर, अलग-अलग घटनाओं में वृद्ध समेत तीन लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की वजह गृहकलह बताई गई।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के मूंगुस गांव में शिवकुमार की पुत्री ललिता (18) ने बुधवार शाम घर में जहर खा लिया। खेत से लकड़ी लेकर घर लौटी मां कुंती देवी ने ललिता की हालत गंभीर देखी और अन्य परिजनों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
गुरुवार तड़के ललिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मां कुंती ने बताया कि ललिता इकलौती पुत्री थी। मृतका के पिता अहमदाबाद और भाई दिनेश पूना में मजदूरी करता है। इसके अलावा उसके दो अन्य भाई भी मजदूरी करने चले गए थे। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके।
उधर, चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव में लक्ष्मण (60) ने बुधवार की रात गृहकलह के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर घरवालों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। मरका थाना क्षेत्र के पिंडारन गांव में रोहित (20) ने गुरुवार सुबह किसी बात से क्षुब्ध होकर जहर खा लिया। महोखर गांव में अनुराग (20) ने बुधवार की शाम जहर खा लिया। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके।