सरा पुरवा (बिसंडा) में घटिया मिड-डे मील दिए जाने पर स्कूल के बाहर बर्तन लेकर प्रदर्शन करते बच्चे।
- फोटो : BANDA
बिसंडा। मिड-डे मील खाकर छात्र के बीमार हो जाने पर स्कूली बच्चे और अभिभावक भड़क उठे। गंदे बर्तनों को लेकर बीआरसी केंद्र के सामने प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि बच्चों को घटिया मिड-डे मील दिया जा रहा है। मेन्यू का कोई पालन नहीं है। बर्तन बेहद गंदे और जंक लगे हुए हैं।
उसरा पुरवा (कैरी) स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को तीसरी कक्षा के छात्र सूरज की मिड-डे मील खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी होने लगी। इस पर बुधवार को अभिभावक स्कूल पहुंच गए। मिड-डे मील के बर्तन बेहद गंदे मिले।
थाली और गिलासों में जंक लगे थे। बच्चों का कहना था कि मिड-डे मील बेहद घटिया मिल रहा है। दूध कभी नहीं दिया जाता। प्रधानाध्यापक अजय कुमार प्रजापति ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। इस पर अभिभावक और बच्चे भड़क उठे। बच्चों ने गंदे बर्तन और मिड-डे मील में बनी सब्जी लेकर बिसंडा बीआरसी के सामने प्रदर्शन किया। नारे लगाए - अच्छा खाना बनेगा तो खाएंगे, वरना भूखे ही रह जाएंगे।
प्रधानाचार्य के विरुद्ध भी नारेबाजी की। कुछ ही देर बाद बीआरसी प्रभारी चेतराम पाल मौके पर आ गए और अभिभावकों व बच्चों को मेन्यू और गुणवत्ता के मुताबिक मिड-डे मील देने का भरोसा दिलाया। अभिभावकों ने ज्ञापन सौंपा। इसी के बाद अभिभावक और बच्चे शांत हुए। अभिभावकों में सुरेशचंद्र, शिवपूजन यादव, रामखिलावन और विद्यालय मिड-डे मील समिति अध्यक्ष इंद्रपाल, पप्पू यादव, विजय कुमार भी शामिल रहे। सभी ने शिकायती पत्र आला अफसरों को भी भेजा है।