फोटो - पीली कोठी स्थित उपकेंद्र व मौजूद उपभोक्ता। संवाद
- पीलीकोठी उप खंड कार्यालय में चल रहा खेल, बिल ठीक कराने के नाम पर होती वसूली
- एसई और एक्सईएन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। बिजली मीटर में गड़बड़ी और रीडिंग के खेल में उपभोक्ताओं को ठगा जा रहा है। कहीं मीटर की गड़बड़ी तो कहीं रीडिंग में मनमानी से सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हैं। यह भी अंधेरगर्दी सामने आ रही है कि मीटर रीडर की ओर से दर्ज की गई वास्तविक रीडिंग को उप खंड कार्यालय में बदलकर दोगुना तक कर दिया जा रहा है फिर इसे दुरुस्त करने के लिए उपभोक्ता से उगाही होती है।
शहर के पीलीकोठी उपखंड कार्यालय में रोजाना तमाम उपभोक्ता एसडीओ और जेई से लेकर संबंधित पटल लिपिक के पास बिल लेकर भटक रहे हैं। राहत उन्हीं को मिल पा रही जिनकी यहां सेटिंग हो जाती है। तब बिल की रकम आधी या इससे भी कम तक घटा दी जाती है। अन्यथा की स्थिति में टरका दिया जाता है।
ताजे उदाहरण में शहर के गूलर नाका जल संस्थान कार्यालय के पास उपभोक्ता तारिक उस्मान के घरेलू कनेक्शन में मीटर रीडर रीडर ने बुधवार को मीटर देखकर वास्तविक रीडिंग 506 यूनिट दर्ज की लेकिन उप खंड कार्यालय से यह बदलकर 1058 यूनिट कर दी गई। कई माह से यही खेल चल रहा है। रीडर ने उप खंड कार्यालय के पटल लिपिक मुकेश को फोन पर यह गड़बड़ी बताई तो लिपिक ने उपभोक्ता को खुद आकर उससे मिलने की सलाह दी।
अधीक्षण अभियंता (वितरण) रविकांत ने कहा कि वह अधिशासी अभियंता (नगरीय) को इस पर कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं। उधर, अधिशासी अभियंता राजीव रंजन ने बिल तलब कर इसे दुरुस्त कराने और दोषी पर कार्रवाई करने की बात कही।
राहत योजना के बाद भी बिलिंग सिर्फ 15 फीसदी
बांदा। दो माह से चल रही बिजली बिल राहत योजना-2026 के तमाम प्रचार और दावों के बाद भी पावर कारपोरेशन बकाया वसूली में बुरी तरह नाकाम रहा। जनपद में मात्र 15 फीसदी बिलिंग हो पाई है। अधीक्षण अभियंता ने इस स्थिति पर अधिकारियों को 23 फरवरी तक शत प्रतिशत बिलिंग का निर्देश दिया है। बिलों में हेराफेरी, उगाही और मनमानी रीडिंग आदि के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिल अदायगी नहीं कर पा रहे। अलबत्ता l ले-देकर बिलों की रकम आधी-पौनी करके राजस्व को चूना लगा रहे हैं। मंगलवार को अधीक्षण अभियंता (वितरण) रविकांत ने संबंधित बिलिंग कंपनी और विभागीय लोगों के साथ समीक्षा की। बैठक पाया गया कि पूरे जनपद (डिवीजन) में बिलिंग का औसत मात्र 14.38 प्रतिशत है। ग्रामीण क्षेत्रों में सिर्फ 7.32 फीसदी बिलिंग हुई है। शहर के मुख्य उप खंड पीलीकोठी में बिलिंग का आंकड़ा मात्र 19 प्रतिशत रहा। चिल्ला रोड सब स्टेशन में 18, नरैनी उपखंड में 15.48 प्रतिशत बिलिंग हो पाई है। अधीक्षण अभियंता ने शत प्रतिशत बिलिंग के लिए 23 फरवरी अंतिम तिथि निर्धारित की है। (संवाद)
15 दिन में जमा करें संशोधित बिल, वरना छूट खत्म
निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत पंजीकृत बकायेदारों को 15 दिनों के भीतर संशोधित बिल जमा करना होगा। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो उनका पंजीकरण निरस्त कर दिया जाएगा और पूर्व की तरह ब्याज सहित बकाया राशि का भुगतान करना होगा। योजना के तहत 31 जनवरी तक तीन चरणों में 18,820 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया था। विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता रविकांत वर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराने के बाद अभी तक अपना संशोधित फाइनल बिल जमा नहीं किया है, उन्हें अगले 15 दिनों के भीतर यह बिल जमा करना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर, पंजीकरण के लिए जमा की गई राशि जब्त हो जाएगी और योजना के तहत मिलने वाला लाभ भी समाप्त हो जाएगा।