बबेरू में जाम लगाए मरीज के तीमारदार व समर्थक।
- फोटो : BANDA
बबेरू। नर्सिंगहोम में प्रसव के लिए लाई गई युवती की मौत पर हंगामा हो गया। नर्सिंगहोम कर्मी भाग खड़े हुए। मृतका के परिजनों ने नर्सिंग होम संचालक पर 25 हजार रुपये वसूलने का भी आरोप लगाया।
मरका क्षेत्र के काजीटोला गांव की सुनीता (20) पत्नी हरिश्चंद्र को दो दिन पूर्व यहां सीएचसी में भर्ती कराया गया था। डाक्टरों ने खून की कमी बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और आशा बहू जिला अस्पताल न जाकर यहां कस्बे में स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती करा दिया। परिजनों के मुताबिक वहां प्रसव के लिए 50 हजार रुपये मांगे गए। परिजनों ने 25 हजार रुपये जमा कर दिए। दो बोतल खून भी चढ़ाया गया।
गुरुवार की सुबह प्रसव हुआ। इसके बाद ही सुनीता की हालत खराब हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि 25 हजार रुपये और मांगे गए। इसी बीच नर्सिंगहोम संचालक सुनीता को वाहन से लेकर फतेहपुर के लिए रवाना हुए। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। नर्सिंगहोम कर्मी रास्ते में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। परिजन सुनीता के शव को लेकर बबेरू आए। नर्सिंग होम के सामने हंगामा शुरू हो गया। शव रखकर जाम लगा दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को कार्रवाई दिलाते हुए शांत किया। गांव के प्रधानपति लाखन निषाद ने बताया कि नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी शशि कुमार पांडेय ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। गौरतलब है कि बबेरू में लगभग एक दर्जन झोलाछाप डाक्टर नर्सिंग होम चला रहे हैं। आए दिन गंभीर मरीजों की मौत हो रही है।