क्षत्रिय समाज की 11 कन्याओं ने अग्नि के सात फेरे लेकर अपने जीवन साथी का दामन थामा। घोड़े व गाजे-बाजे के साथ विवाह स्थल पहुंची बारात की अगवानी हुई। महासभा अध्यक्ष ने उपहार देकर वधुओं की विदाई की।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में सोमवार को मंडी परिषद में वीरांगना क्षत्रिय कन्या विवाह समारोह हुआ। शिव सुंदर मैरिज हाल से गाजे-बाजे के साथ 11 घोड़ों पर सवार दूल्हों के साथ बारात मंडी समिति में विवाह स्थल पहुंची।
ग्राम प्रधान गुरेह अवधेश सिंह व राजेंद्र सिंह ने बारातियों की आवभगत की। अलग-अलग 11 मंडपों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में हुईं। महासभा पदाधिकारियों ने बारातियों को जलपान व भोजन कराया। अग्नि को साक्षी मानते हुए 11 जोड़ों ने एक-दूजे का जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया।
सरधना (मुजफ्फर नगर) विधायक संगीत सिंह सोम ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। जिलाध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) बृजेश सिंह ने महासभा की ओर से टीवी, कूलर, डबल बेड, सिलाई मशीन, मंगलसूत्र, बिछिया, बरर्तन सेट, कुर्सी सेट, आलमारी आदि सामान देकर कन्याओं को विदा किया।
कार्यक्रम संयोजक बीएम सिंह गौतम, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर अजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर कुशवाह, मीडिया प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, अनिल सिंह गोप, डा. शीतल सिंह, एके सिंह, बुद्धराज सिंह, चंद्रभान सिंह, प्रमोद सिंह बनाफर, शैलेंद्र सिंह, छंगा सिंह, नगर पालिका चेयरमैन विनोद जैन, दीपक सिंह गौर, दिनेश सिंह आदि का सहयोग रहा।