बांदा। थाना चिल्ला क्षेत्र में एक विवाहिता ने सल्फास खाकर जान दे दी। करीब छह साल पहले महिला ने कोर्ट मैरिज की थी।
मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि वह दो-तीन पहले ही बेटी से मिलकर गए थे वह खुश थी। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं हो है।
थाना चिल्ला क्षेत्र के गांव पपरेंदा निवासी राहुल जेसीबी चालक है और गांव व आसपास के क्षेत्र में जेसीबी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। घर में उसकी पत्नी अर्चना वर्मा (26) व दो बच्चे हैं। राहुल के माता-पिता दोनों से अलग रहते हैं।
शनिवार की सुबह करीब पांच-छह बजे अचानक अर्चना तड़पने लगी तो राहुल उसके पास पहुंचा। पता चला कि उसने सल्फास खा लिया है। राहुल ने परिजन को खबर देते हुए तुरंत अर्चना को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उपचार के दौरान रविवार की सुबह करीब 11 बजे अर्चना की मौत हो गई।
सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी आ गए थे। अर्चना का मायका कोतवाली देहात क्षेत्र के लामा गांव में है। थानाध्यक्ष चिल्ला आनंद साहू ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है।
युवक ने घर में साड़ी से लगाया फंदा
नरैनी। थाना नरैनी के गांव पनगरा में छोटकू (25) ने रविवार की सुबह घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत बताया।
मां राजकुमारी ने बताया कि सुबह नित्यक्रिया के बाद वह कमरे में चला गया था। कुछ देर बाद उसकी पत्नी लक्ष्मी कमरे की ओर गई तो घटना की जानकारी हुई। उसने यह कदम क्यों उठाया, परिजन नहीं बता सके।
छोटकू पहाड़ पर मजदूरी करता था। वह आठ भाई हैं। इसमें छोटकू चौथे नंबर पर था। नरैनी प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। (संवाद)