बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में ‘गेहूं खरीद धीमी संबंधी खबर को मंडलायुक्त गौरव दयाल ने संज्ञान लेते हुए संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस पर आरएफसी ने चित्रकूटधाम मंडल के सभी जिला विपणन अधिकारियों को जारी पत्र में कहा है कि गेहूं की धीमी खरीद पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
गेहूं की सरकारी खरीद 15 अप्रैल से शुरू हुई है। यह 30 जून तक चलेगी। मंडल में 1.93 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य है। मई के अंत तक मात्र 40 फीसदी ही गेहूं खरीद होने पर पहली जून को अमर उजाला में ‘गेहूं खरीद धीमी, 46 दिन में 40 फीसदी खरीद’ शीर्षक से खबर छापी थी। इसका संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने संभागीय खाद्य नियंत्रक को निर्देश दिए। इस पर नियंत्रक ने मंडल के चारों जिलों में विपणन अधिकारियों को पत्र भेजकर इस पर कार्रवाई को कहा है।
17 जून तक मंडल के चारों जिलों में 90 खरीद केंद्रों में अब तक 1.21 लाख मीट्रिक टन (62 फीसदी) गेहूं की खरीद की गई है। जिला विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय ने बताया कि कम खरीद वाले केंद्रों के प्रभारियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कोई किसान 50 क्विंटल से अधिक गेहूं बेचना चाहता है तो उसके घर जाकर खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।