नए कमिश्रन गौरव दयाल। साथ में डीएम हीरा लाल।
- फोटो : BANDA
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के नवागंतुक आयुक्त गौरव दयाल ने कहा है कि मंडल की प्राचीन धरोहरों को विकसित और संरक्षित करने के भरपूर प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड पर्यटन विकास परिषद में इन धरोहरों को शामिल करने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंडल की चित्रकूटधाम (कर्वी) नगर पालिका परिषद को नगर निगम का दर्जा देने के लिए चल रही प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
गौरव दयाल की नियुक्ति शासन ने यहां तीन दिन पूर्व की थी। शनिवार को शाम वह यहां पहुंच गए। रविवार को दोपहर मंडलायुक्त आवास परिसर में स्थित मयूर भवन सभागार में मीडिया वार्ता में कहा कि मंडल में औद्योगिक विकास को बढ़ावा और बेरोजगारों को रोजगार के लिए विशेष प्रयास होंगे। अवैध खनन व ओवरलोडिंग रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। गोशालाओं में पशुओं की भूख व ठंड से हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए आयुक्त ने कहा कि गोशालाओं में बेहतर इंतजाम कराए जाएंगे। मीडिया वार्ता के दौरान बांदा डीएम हीरालाल भी उपस्थित थे।
ये मंडल के 30वें आयुक्त हैं। 2004 बैच के आईएएस हैं। यहां से पूर्व वह उद्योग आयुक्त/निदेशक (वस्त्र उद्योग) पद पर कार्यरत थे। वह आगरा, बरेली, झांसी, जौनपुर व एटा के जिलाधिकारी भी रहे। अपर आयुक्त चंद्रशेखर, उप निदेशक पंचायती राज दिनेश सिंह, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एसएन त्रिपाठी, उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।