बांदा। मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने वाले आरोपी भूरा को चिल्ला पुलिस ने सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पीतल के 136 छोटे-बड़े घंटे, 130 जंजीरें और 29 टूटे ताले बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने चिल्ला और बिसंडा थाना क्षेत्रों के मंदिरों में चोरी की घटनाएं कबूल की हैं। सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि चिल्ला थाना क्षेत्र के बरेठीकलां निवासी लल्ला ने एक नवंबर को सूचना दी थी कि 31 अक्तूबर की रात गांव के दो मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी हो गए हैं। इनमें गांव के बाहर स्थित गजानन माता मंदिर और बहोरन बाबा मंदिर शामिल हैं। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
दो नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पलरा मोड़ के पास से थाना जसपुरा के गांव नांदादेव निवासी भूरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बरेठीकलां के दोनों मंदिरों के अलावा ग्राम पदारथपुर स्थित शंकरजी मंदिर और बिसंडा थाना क्षेत्र के कोनी गांव स्थित भैरव बाबा मंदिर से भी घंटे चोरी करने की बात कबूली। ॉ
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के घंटे और 130 जंजीरें बरामद कीं। मौके से 29 टूटे ताले, प्लास, छेनी, हथौड़ा समेत चोरी में प्रयुक्त उपकरण और एक मोटरसाइकिल भी मिली है।
पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष आनंद साहू कुमार, उपनिरीक्षक अनवर खान, हेड कांस्टेबल ध्यान सिंह और भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।