खेत की रखवाली करने गए युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर फांसी से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के अलिहा गांव निवासी भारत (22) पुत्र रामआसरे सोमवार को दोपहर अपने भाई राकेश के साथ खेत गया था। शाम को राकेश तो घर लौट आया लेकिन भारत यह कहकर रुक गया कि कुछ देर बाद आएगा। मंगलवार को सुबह ग्रामीणों ने उसका शव नहर किनारे खेत के पास पेड़ पर फांसी से लटका देखा।
इसकी सूचना मृतक के चाचा राजाराम ने थाने में दी। पुलिस ने शव कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई राकेश ने बताया कि जिस जगह शव टंगा मिला वहां आधी रात तक कुछ नहीं था। पिता रामआसरे ने आरोप लगाया कि रंजिश के चलते उसके पुत्र की हत्या की गई है।
जिस पेड़ पर शव लटका था उसकी ऊंचाई छह फिट से कम थी। आशंका जताई कि गला घोंट कर हत्या के बाद उसी के अंगोछे से शव फंदे पर टांग दिया गया। मां झंडी देवी का कहना था कि वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकता था। थानाध्यक्ष आरपी सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।