बांदा। केन नदी पुल की रेलिंग पर खड़े होकर स्टंट करते हुए साथी से फोटो खिंचवाते वक्त नीचे गिरने से इंटर के छात्र की मौत हो गई। नदी सूखी होने के कारण छात्र सीधे नीचे जाकर चट्टान से टकरा गया। उसे गिरता देख मोबाइल से फोटो खींच रहे साथी की चीख निकल पड़ी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और इसके बाद परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
कमासिन थाना क्षेत्र के अमेढ़ी गांव निवासी अभिनय सिंह (18) बबेरू के आश्रम पद्धति विद्यालय में कक्षा 12 में विज्ञान वर्ग का छात्र था। वह अपने साथी गांव निवासी संदीप के साथ इंटर की परीक्षा देने के लिए मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी गांव में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। 19 मार्च को उनका सीबीएसई बोर्ड से बायोलॉजी का आखिरी पेपर था।
पेपर समाप्त होने के बाद वे दोनों गुरुवार को ऑटो से अपने घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन घर न जाकर वह केन नदी पुल पर उतर गए। इस बीच अभिनय सिंह केन नदी के सड़क पुल पर पड़े पाइप लाइन के ऊपर खड़ा हो गया और साथी संदीप से कहा कि वह मोबाइल से फोटो खींचे। फोटो खिंचवाने के चक्कर में अभिनय रेलिंग की ओर कुछ अधिक झुक गया, इससे पहले कि संदीप फोटो खींच पाता अभिनय ने ने अपना संतुलन खो दिया और देखते ही देखते सूखी नदी की चट्टान से जा टकराया।
इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ताऊ जगदीश सिंह ने बताया कि अभिनय के पिता लखन सिंह ही उसे लेने आने वाले थे, लेकिन अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण वह नहीं जा सके थे। इस वजह से ही अभिनय अपने साथी संदीप के साथ घर के लिए चला था।अभिनय दो भाई व एक बहन में बड़ा था। मां लक्ष्मी हैं। शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि पुल में फोटो खिंचवाने के दौरान पैर फिसल जाने से हादसा हुआ है।
तीन माह पहले हुआ था मानसिक रोगी, चला था इलाज
कमासिन थाना क्षेत्र के अमेढ़ी गांव निवासी जगदीश सिंह ने बताया कि उनका भतीजा अभिनय को तीन माह पहले मानसिक रोग हो गया था। उसका इलाज फतेहपुर में चला था। इलाज के बाद वह कुछ सही हुआ था। उनका कहना है कि अभिनय अपने एक सहपाठी मित्र से फोन पर देर रात तक बात भी किया करता था। कई बार माता-पिता और भाई-बहन ने उसे मना किया था। हालांकि परिजन और पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हादसा ही मान रहे हैं।