बांदा। तिंदवारी कस्बे के श्रीनगर मोहल्ले में बृहस्पतिवार की शाम शराब के नशे में एक युवक ने गोतवा तालाब में छलांग लगा दी। घटना से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेंदा घाट से गोताखोर बुलाए। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव तालाब से बाहर निकाला।
श्रीनगर मोहल्ला निवासी मुन्नीलाल प्रजापति (40) बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे शराब के नशे में मोहल्ले के गोतवा तालाब में कूद गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तालाब में छलांग लगाते देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज रोशन लाल ने पुलिस बल के साथ तलाश शुरू कराई। बेंदा घाट के पूर्व प्रधान विवेक सिंह की मदद से गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने काफी देर तक तलाश करने के बाद मुन्नीलाल का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
पड़ोसियों ने बताया कि मुन्नीलाल के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह घर में अकेला रहता था और मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करता था। पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी पत्नी भुरइंया दो बच्चों के साथ काफी समय से बाहर रहकर मजदूरी कर रही है। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश चंद साहू, सभासद उत्तम सोनी, दीपू समेत मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। तिंदवारी थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि नशे में तालाब में डूबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।