फोटो-4- मृतक रज्जू यादव। फाइल फोटो
बांदा। पत्नी से मोबाइल पर बात करने के बाद युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह परिजन ने उसे फंदे से लटका देखा। परिजन ने पत्नी से कहासुनी के बाद खुदकुशी करने की आशंका जताई है।
मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव निवासी प्रेमा ने बताया कि उसके पुत्र रज्जू यादव (34) ने रविवार सुबह घर के कमरे में लकड़ी के सहारे रस्सी से फंदा लगा लिया। रज्जू शनिवार को पत्नी सावित्री को उसके मायके छोड़कर आया था। रात में उसने पत्नी से मोबाइल पर बात भी की थी। सुबह परिजन ने देखा तो वह फंदे से लटका मिला।
मां ने आशंका जताई कि पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी होने के बाद रज्जू ने यह कदम उठाया। रज्जू गांव में रहकर खेती करता था। उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। बेटे की मौत से मां प्रेमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
मरका थानाध्यक्ष सूबेदार बिंद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति-पत्नी के बीच कहासुनी की बात सामने आई है।