सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक में पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। एक अन्य घटना में कार पलटने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पुंगरी गांव निवासी शिवपूजन करवरिया (23) पुत्र जमुना प्रसाद अपने दोस्त हाजू (24) पुत्र बब्बू (अकेलवा) के साथ शनिवार को कंप्यूटर ठीक कराने बांदा आया था। देर शाम लौटते समय पड़ुई गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक की रोशनी में चकाचौंध होकर बाइक सड़क किनारे खड़ी बैलगाड़ी से जा टकराई।
हादसे में शिवपूजन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हाजू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शिवपूजन की मौत से घर में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम हाउस में पिता जमुना प्रसाद की हालत बिगड़ गई। जमुना प्रसाद का वह इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से घर का चिराग बुझ गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
उधर, एक अन्य घटना में कोषाधिकारी कार्यालय के चालक डीएम कालोनी निवासी शिवराम (52) पुत्र जरेले प्रसाद और कुबेर (30) पुत्र राम कुमार शनिवार को शाम बोलेरो से लखनऊ से लौट रहे थे। बांदा-फतेहपुर मार्ग पर शंकर पुरवा के पास सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने में बोलेरो खंती में पलट गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।