बांदा। ट्रॉमा सेंटर के प्रथम तल पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मॉड्यूलर ओटी कर्मचारियों की कमी के कारण बंद पड़ी है।
शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अभय सिंह और संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कौशिक ने ओटी को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने 15 दिन में संचालन शुरू करने को कहा है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ट्रामा सेंटर की स्वास्थ्य सेवाओं और मॉड्यूलर ओटी की व्यवस्थाएं देखीं। ओटी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मिली, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो रहा था। ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. विनीत सचान ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के चलते ओटी का संचालन नहीं किया जा रहा है।
इस पर अपर निदेशक ने कर्मचारियों की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। बताया कि ट्रॉमा सेंटर में पांच आईसीयू के साथ जीवनरक्षक प्रणाली के सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।