फोटो 22- ऑटोमोबाइल्स दुकान में आग से नष्ट उपकरण। संवाद
बदौसा। थाना क्षेत्र से करीब 10 किमी दूर बदौसा रोड स्थित आदर्श नगर (बघेला बारी) में सोमवार दोपहर करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से रागिनी मोटर्स में भीषण आग लग गई।
हादसे में दुकानदार सूर्य प्रकाश पटेल के दो ई-रिक्शा, एक स्कूटी, तीन बड़ी बैटरी और दो इन्वर्टर जल गए। ग्रामीणों ने गाड़ियों में लगे छोटे गैस सिलिंडरों और बालू की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव जबरापुर निवासी सूर्य प्रकाश ने बताया कि उन्होंने व्यवसाय के लिए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक से सात लाख रुपये का कर्ज लिया था। इसमें पांच लाख रुपये उनके और दो लाख रुपये पत्नी के नाम पर हैं।
पीड़ित ने बताया कि तीन माह पहले स्वीकृत पांच लाख रुपये के मुख्य ऋण का भुगतान हो चुका है, लेकिन बैंक ने अब तक बीमा प्रीमियम नहीं काटा। इससे आग से हुए नुकसान के बाद बीमा लाभ मिलने पर भी संशय बना हुआ है और परिवार पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है।
वहीं, घटना के घंटों बाद तक पुलिस और राजस्व विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। पीड़ित ने नुकसान के आकलन, जांच और मुआवजा की मांग की है।