बबेरू/अतर्रा/तिंदवारी/बदौसा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शुक्रवार को ईद-उल-फितर पर्व सादगी के साथ मनाया गया। बबेरू के हरदौली, पतवन, औगासी, बगेहटा, आलमपुर, सिमौनी आदि गांवों में मस्जिदों में पांच लोगों ने नमाज अदा की। ज्यादातर लोगों ने घरों में नमाज अदा कर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। एसडीएम महेंद्र प्रताप, सीओ सियाराम, कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा आदि मस्जिदों के बाहर पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
अतर्रा के बदौसा रोड स्थित रजा जामा मस्जिद में पांच लोगों ने नमाज अदा की। हाजी मोहम्मद हनीफ, गुलाम मुस्तफा, मोहम्मद रईस, मोहम्मद रजा, मुशाहिद रजा ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए ईद की नमाज अदा की। हाजी चचा ने सभी से घरों में नमाज अदा कर सामाजिक दूरी के तहत पर्व मनाने को कहा। नरैनी में ईद की नमाज मस्जिदों में कोरोना गाइडलाइन के अनुसार अदा हुई। ज्यादातर लोगों ने घरों में नमाज अदा की। मस्जिदों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। तिंदवारी के ईदगाह में काजी मोहम्मद अबरार ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए नमाज अदा कराई। कोरोना वबा (महामारी) से निजात के लिए दुआएं मांगीं। एसआई अजय दुबे भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
बदौसा में लॉकडाउन के चलते ईदगाह और मस्जिदों में गिने-चुने लोगों ने ही नमाज अदा की। ज्यादातर लोगों ने घरों में रहकर नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने शारीरिक दूरी के मानकों का ध्यान रखा। लोगों ने मैसेज भेजकर या फोन करके ईद की मुबारकबाद दी। ओरन में नूरी मस्जिद में मुतवल्ली डा. बाबू खां, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष आंनद कुमार, इमाम बख्श, बरकत खां, रफीक खां, भोला खां, दिलदार खां, शकील अली हुसैन, सपा नगर अध्यक्ष शिवम शिवहरे, भाजपा नगर अध्यक्ष रामबाबू त्रिपाठी, बसपा नेता मथुरा प्रसाद आदि मौजूद रहे। चिल्ला की ईदगाह मस्जिद में कोरोना गाइड लाइन के तहत नमाज अदा की गई। विश्व से कोरोना संक्रमण की समाप्ति के लिए अल्लाह से दुआ की गई।