मटौंध (बांदा)। तिलक के चंद घंटे पहले युवती ने अपने प्रेमी तीन बच्चों के बाप के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही दुपट्टे के फंदे पर दोनों के शव गांव के बाहर पेड़ पर लटके मिले।
थाना क्षेत्र अंछरौड़ गांव की रिंकी उर्फ किरन गुप्ता (26) पुत्री कमलेश गुप्ता की शादी सीमावर्ती मध्य प्रदेश में तय हो गई थी। गुरुवार (13 मई) को तिलक जाना था। उधर, रिंकी का प्रेम प्रसंग काफी दिनों से गांव के ही छोटे मिश्रा उर्फ केशव (45) पुत्र शिवविशाल से चल रहा था।
केशव तीन बच्चों का पिता बताया गया है। बीती बुधवार की रात करीब 11 बजे केशव और रिंकी एक ही बाइक पर निकल गए। गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में पेड़ की डाल पर रिंकी के दुपट्टे में दोनों छोर पर दोनों ने फंदा कस लिया और फांसी पर झूल गए। बाइक में खड़े होकर पेड़ में दुपट्टा बांधा। सुबह परिजनों ने तलाश की तो दोनों शव एक साथ लटके मिले। मौके पर पहुंचे थाना इंस्पेक्टर रामजी सिंह ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने तिलक और रिंकी के प्रेम प्रसंग की पुष्टि की।