दुकानों में सजा चाइनीज सामान।
- फोटो : amarujala
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद चाइनीज सामग्री के चौतरफा विरोध की चली आंधी ने त्योहारी सीजन में चाइनीज सामान का कारोबार औंधे मुंह गिरा दिया है। दुकानदारों ने माल मंगाने से हाथ खड़े कर दिए हैं यानी मेड इन चाईना पर अब मेक इन इंडिया का नारा भारी पड़ता नजर आ रहा है।
दीपावली, दशहरा में दीपक से लेकर घरों के अन्य सजावटी सामान तक में चीनी बाजार हावी था। लेकिन अबकी काफी बदलाव है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की तरह चीन के खिलाफ भी माहौल बनाया गया है। तमाम संगठन चाइनीज आइटमों का विरोध कर रहे हैं। नतीजे में इसकी ब्रिकी में गिरावट तय है।
यहां चाइनीज सामानों का कारोबार करने वाले व्यापारी संजीव पुरवार, पंकज गुप्ता, मनोज नगरिया, केदार व अभय गोयल आदि ने बताया कि पिछले सालों तक चाइनीज आइटमों की खूब बिक्री और कमाई हुई। लेकिन अबकी माहौल उल्टा देखकर इसमें पूंजी नहीं फंसा रहे। देशी सामान ज्यादा मंगाया है। गिफ्ट गैलरी के रज्जन कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले साल करीब 8 लाख रुपये के चीनी आइटम मंगाए थे। लगभग दो लाख रुपये का मुनाफा हुआ था। तीन लाख रुपये का देशी सामान मंगाया है।