फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: सरकारी दावों पर भारी समितियों पर लगी कतार, डीएपी के लिए हाहाकार

विज्ञापन
फोटो-4-अतर्रा में क्रय विक्रय समिति पर खाद के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद
विज्ञापन
बांदाअतर्रातिंदवारीकालिंजर। जिले में डीएपी की भरपूर उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, लेकिन सहकारी समितियों पर लगीं किसानों की लाइनें और शाम को डीएपी के बजाए हाथ लगने वाली मायूसी बता रही है कि सब दिखावा है। कहीं किसानों की संख्या के बराबर भी डीएपी की बोरियां नहीं हैं तो कहीं अब भी डीएपी खाद आने का इंतजार समितियों को है। किसान काम छोड़कर लाइनों में धक्के खा रहे हैं।
विज्ञापन

अतर्रा में क्रय-विक्रय केंद्र पर करीब 15 दिन बाद बुधवार देर शाम 500 बोरी डीएपी पहुंची। बृहस्पतिवार सुबह से ही तहसील क्षेत्र के किसान खाद लेने पहुंच गए। करीब 500 किसानों की भीड़ जुटी, लेकिन कर्मचारियों ने 250 किसानों को ही टोकन दिए। बाकी को बिना खाद लौटना पड़ा। थनैल निवासी 68 वर्षीय किसान रामेश्वर और तेरा ब निवासी बब्बू ने बताया कि सुबह नौ बजे केंद्र पहुंचे थे, लेकिन टोकन बंटना बंद हो गया। दो घंटे इंतजार के बाद लौटना पड़ा। नगनेधी के नत्थूराम ने बताया कि दो बीघा खेत के लिए एक बोरी खाद चाहिए। इसके लिए तीसरे दिन केंद्र आए, लेकिन टोकन नहीं मिला।
अंश जरैला पुरवा निवासी मुन्नालाल को 237 नंबर का टोकन मिला। वह चार घंटे से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। लोधौरा निवासी छेदीलाल भी 100 नंबर का टोकन लेकर पांच घंटे लाइन में लगे रहे। क्रय-विक्रय समिति के सचिव राम सिंह ने बताया कि 500 बोरी खाद का वितरण 250 टोकन के माध्यम से किया जा रहा है। शेष टोकनधारकों को अगली खेप आने पर प्राथमिकता से खाद दी जाएगी। बी-पैक्स और मंडी परिसर स्थित पीसीएफ केंद्र पर डीएपी का स्टॉक नहीं है।
विज्ञापन

तिंदवारी नगर की दो समितियों में आई एक हजार बोरी डीएपी बृहस्पतिवार को ही वितरित हो गई। सहकारी संघ और पीसीएफ सेवा समिति में बुधवार शाम 500-500 बोरी खाद पहुंची थी। दोनों केंद्रों पर किसानों को दो-दो बोरी के हिसाब से खाद बांटी गई। किसान सुबह पांच बजे से लाइन में लगे थे। घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिली। वहीं उत्तरी और दक्षिणी सहकारी समितियों में खाद नहीं पहुंचने से सैकड़ों किसान खाली हाथ लौट गए।
किसान सोहन, आलोक पटेल, आयुष, संतोष, रामानुज, अजय, बद्री विशाल और राघव ने बताया कि रोज समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दो बोरी खाद से जरूरत पूरी नहीं हो रही है। किसानों ने सभी समितियों में पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराने की मांग की।
क्षेत्रीय सहकारी समिति कालिंजर और कैलाश सहकारी संघ में डीएपी वितरण शुरू होने पर सुबह से किसानों की भीड़ जुट गई। भीड़ नियंत्रित करने और अव्यवस्था से बचने के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई। दोनों केंद्रों पर पुलिस बल की मौजूदगी में किसानों को क्रमवार खाद वितरित की गई।
-
क्रय-विक्रय समिति में खाद का इंतजार, बी-पैक्स में 500 बोरी बंटी
नरैनी। कस्बाा की क्रय-विक्रय सहकारी समिति में डीएपी और यूरिया नहीं पहुंचने से किसान परेशान हैं। सचिव ने बृहस्पतिवार को खाद आने की बात कही थी, लेकिन दोपहर तक खेप नहीं पहुंची। दूसरी ओर बी-पैक्स समिति में 500 बोरी डीएपी पहुंचने के बाद वितरण शुरू हो गया। सचिव हरिओम द्विवेदी ने बताया कि पहले से 400 किसानों के दस्तावेज जमा हैं। सूची समिति की दीवार पर चस्पा है और इसी के आधार पर खाद दी जाएगी।
-
खाद नहीं मिली तो सूख जाएगा पलेवा, पिछड़ेगी बोआई
पैलानी। पैलानी और पपरेंदा सहकारी समितियों में खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। डीएपी नहीं मिलने से गेहूं की बोआई पिछड़ रही है और खेतों में किया गया पलेवा सूखने लगा है। किसान शिवगोविंद सिंह, रामआसरे निषाद, रामदास सिंह समेत अन्य किसानों ने बताया कि कई दिनों से समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। मजबूरी में निजी दुकानों से महंगी खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों ने प्रभावशाली लोगों को प्राथमिकता से खाद देने का भी आरोप लगाया। पपरेंदा समिति में बृहस्पतिवार को एक ट्रक डीएपी पहुंची, जिसका वितरण अगले दिन किया जाएगा।
-
समिति में खाद नहीं, बाजार में 1800 से 2000 रुपये बोरी
करतल। क्षेत्रीय सहकारी समिति नहरी में बृहस्पतिवार को भी डीएपी नहीं पहुंची। किसान दिनभर खाद आने का इंतजार करते रहे। अमर सिंह, धीरज सिंह और देवीदीन ने बताया कि मोहनपुर, बिलहरका और नहरी में डीएपी 1800 से 2000 रुपये प्रति बोरी तक बिक रही है। मजबूरी में किसान महंगी खाद खरीद रहे हैं। एआर कोऑपरेटिव अंशुल कुमार ने बताया कि महोबा के लिए 400 मीट्रिक टन खाद आवंटित की गई है। नहरी समिति के लिए खाद रात या अगले दिन तक लोड कर भेजी जाएगी। बड़ी समितियों में पहले खाद भेजी गई थी, अब छोटी समितियों को भी आपूर्ति की जाएगी।
-
वर्जन
लगातार खाद की आपूर्ति समितियों पर की जा रही है। डीएपी की रैक आने के बाद सभी समितियों पर खाद जा रही है। जहां खाद नहीं है वहां भी शुक्रवार तक खाद पहुंच जाएगी। किसानों से अपील है कि वह जरूरत के अनुसार ही डीएपी खाद लें, स्टॉक न करें। -अंसल कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता।

फोटो-4-अतर्रा में क्रय विक्रय समिति पर खाद के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद

फोटो-4-अतर्रा में क्रय विक्रय समिति पर खाद के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद

फोटो-4-अतर्रा में क्रय विक्रय समिति पर खाद के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें