संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। संत कृपाल सिंह विधि महाविद्यालय, लामा, के एलएलबी छात्र दीपक अवस्थी का चयन भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्रालय, नई दिल्ली ने एक माह के इंटर्नशिप के लिए किया है। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित चयन प्रक्रिया में पूरे भारत से केवल 50 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इसमें दीपक अवस्थी भी शामिल हैं।
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के दौरान दीपक अवस्थी को न केवल विधि एवं न्याय मंत्रालय, बल्कि सुप्रीम कोर्ट तथा अन्य मंत्रालय के कामकाज को करीब से जानने, समझने तथा अनुभवी कानूनी पेशेवरों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा। उन्हें कानूनी अनुसंधान, नीति निर्माण एवं विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं में संभावित महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त होगा ।
इसके अलावा मंत्रालय की ओर से दीपक को इस अवधि के लिए मानदेय भी दिया जाएगा। महाविद्यालय के प्रबंधक यश शिवहरे,निदेशक डॉ. सर्वेश कुमार व अन्य स्टाफ ने दीपक अवस्थी को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
कहा कि दीपक की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत स्तर पर उनके कॅरियर को दिशा देगी, बल्कि यह विधि महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। यदि छात्र को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें तो वह किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकता है।